2 साल बाद धोनी ने फिर संभाली टीम की कमान, 200वें वनडे में कप्तानी करने वाले तीसरे क्रिकेटर

2 साल बाद धोनी ने फिर संभाली टीम की कमान, 200वें वनडे में कप्तानी करने वाले तीसरे क्रिकेटर

खेल डेस्क. एशिया कप में मंगलवार को भारत और अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में टीम इंडिया की कमान महेंद्र सिंह धोनी संभाल रहे हैं। इस मैच में रोहित शर्मा के नहीं खेलने के कारण धोनी को कप्तानी करने का मौका मिला। धोनी का कप्तान के तौर पर यह 200वां वनडे है। 200 से ज्यादा वनडे में कप्तानी करने वाले वे दुनिया के तीसरे क्रिकेटर हैं। उनसे पहले ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग और न्यूजीलैंड के स्टीफन फ्लेमिंग ने यह आंकड़ा छुआ है।

11 साल पहले टीम इंडिया की वनडे में पहली बार कमान संभाली थी
धोनी ने 29 सितंबर 2007 को पहली बार वनडे में टीम इंडिया की कमान संभाली थी। उन्होंने 29 अक्टूबर 2016 को विशाखापत्तनम में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में आखिरी बार भारतीय टीम का नेतृत्व किया था।

कप्तान देश मैच
रिकी पोटिंग ऑस्ट्रेलिया 230
स्टीफन फ्लेमिंग न्यूजीलैंड 218
महेंद्र सिंह धोनी भारत 200
अर्जुन रणतुंगा श्रीलंका 193
एलन बॉर्डर ऑस्ट्रेलिया 178

भारत ने पांच बदलाव किए

भारत इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहले ही पहुंच चुका है, इसलिए पहले ही अंदाजा था कि वह अफगानिस्तान के खिलाफ बेंच पर बैठे अपने खिलाड़ियों को मौका दे सकता है। यही हुआ। भारत ने इस मैच में पांच बदलाव किए।

टीम इंडिया ने रोहित शर्मा, शिखर धवन, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार को ड्राप किया। उनकी जगह केएल राहुल, मनीष पांडे, दीपक चहर, सिद्धार्थ कौल और खलील अहमद को शामिल किया।

दीपक चहर का वनडे डेब्यू

इस मैच से दीपक चहर ने अपने अंतरराष्ट्रीय वनडे क्रिकेट करियर की शुरुआत की। मैच से पहले धोनी ने ब्लू कैप पहनाई। सात अगस्त 1992 को आगरा में जन्में दीपक ने इससे पहले महज एक अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच खेला था।