प्रदर्शन में सपा कार्यकर्ताओं ने तोड़ी बैरिकेटिंग, पार्टी प्रवक्ता बोले सत्तासीन सरकार की पोल खोलने के लिए है प्रदर्शन

प्रदर्शन में सपा कार्यकर्ताओं ने तोड़ी बैरिकेटिंग, पार्टी प्रवक्ता बोले सत्तासीन सरकार की पोल खोलने के लिए है प्रदर्शन

पत्रिका न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ. बीजेपी सरकार (BJP Government) के विरोध में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (SP Akhilesh Yadav) के आवाहन पर पूरे प्रदेश में सपा का प्रदर्शन (Samajwadi Pradarshan) चल रहा है। इसमें सपा ने अपनी 16 सूत्रीय मांगे रखी हैं। मांगो में बढ़ती महंगाई, कानून व्यवस्था, रोजगार की मांग व गन्ना बकाया मूल्य का भुगतान आदि किया जाए। इसी क्रम में लखनऊ की सदर तहसील में भी सपाइयों ने प्रदर्शन किया। हल्ला बोल करते हुए सपा कार्यकर्ताओं ने बीजेपी सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।

सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. आशुतोष वर्मा ने कहा कि सरकार की मनमानी के खिलाफ हमारी पार्टी विरोध करती रहेगी। 'हमारा ये संघर्ष जारी रहेगा। हम बढ़ती महंगाई, रोज़गार, लचर कानून व्यवस्था एवं प्रदेश सरकार का विरोध करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि 'हम राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अगुवाई में विधानसभा चुनाव-2022 की तैयारियों में जुट गए हैं। यह प्रदेश व्यापी प्रदर्शन इसकी शुरुआत है। यह प्रदर्शन प्रशासन के सहारे ब्लॉक प्रमुख व जिला पंचायत अध्यक्ष चुनावों को जीतने वाली कुशासित बीजेपी सरकार की पोल खोलने के लिए है।

डॉ. आशुतोष वर्मा ने बताया कि अगर पूरे प्रदेश में कोई ज़मीनी पार्टी है, तो वह सपा है, सपा हमेशा जनता के हितों के लिए लड़ते आई है। जो लोग नहीं मानते वह आकर देख लें। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शहर के विक्रमादित्य मार्ग स्थित प्रदेश पार्टी कार्यालय से प्रदेश व्यापी प्रदर्शन पर नज़र बनाए हुए हैं। अखिलेश यादव व सपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम गोपाल यादव पार्टी कार्यालय में मौजूद हैं। दोनों नेता प्रदेश भर के 75 जिलों में हो रहे लगभग 350 तहसीलों पर हो रहे तहसील स्तर धरने पर नज़र बनाए हुए हैं।